सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

ग्रामपंचायतों के फंड का इस्तेमाल सुशासन तिहार में- बैज

छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार मना रही साय सरकार पर बैज के गंभीर आरोप

C

CG Khabar

31 मई 2025, 08:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सुशासन तिहार
सुशासन तिहार

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को बस्तर जिले के नारायणपाल गांव के दौरे में पहुंचे. सीएम साय सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत यहां आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लेने यहां पहुंचे थे.


इस दौरान साय सबसे पहले नारायणपाल गांव में स्थित मंदिर में दर्शन के बाद देवगुड़ी पहुंचे. देवगुड़ी परिसर में ही आम के पेड़ के नीचे मुख्यमंत्री ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.

विज्ञापन


इस दौरान सीएम ने गांव को 1 करोड़ 11 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने सुशासन तिहार के तहत प्रदेश के 30 जिलों का अब तक दौरा कर लिया है, जिसमे नक्सल प्रभावित जिले भी शामिल है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद खात्मे की ओर है, लगातार यहाँ नक्सल मोर्चे पर तैनात फोर्स अच्छा काम कर रही है.


राज्य सरकार द्वारा हर पंचायत को नक्सल मुक्त बनाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है.


सुशासन तिहार के तहत ग्रामीणों के समस्या का त्वरित निराकरण किया गया, खासकर पीडीएस का मुफ्त चावल एक-एक ग्रामीण को मिल सके इसके लिए प्रयास किया गया. साथ ही काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्यवाही भी की गई. दूसरी तरफ कांग्रेस सुशासन तिहार को लेकर सवाल खड़े कर रही है.


पंचायतों से चंदा कर मनाया जा रहा सुशासन तिहार 

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार के सुशासन तिहार को ढकोसला बताते हुए आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायतों से चंदा इकट्ठा कर सुशासन तिहार मनाया जा रहा है.


खाने पीने की और सारे टेंट की व्यवस्था ग्राम पंचायत के फंड से निकालकर की जा रही है. 

राज्य सरकार एक रुपए भी खर्च नहीं कर रही है. पंचायत के विकास के नाम पर जो फंड दिया गया है मूलभूत सुविधा फंड से चंदा निकाल कर सुशासन तिहार मनाया जा रहा है. 


सरपंच को किया नजरबंद

दीपक बैज ने शासन प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लौंहडीगुड़ा ब्लॉक के नारायणपाल में उतरा था, इस दौरान चित्रकोट ग्राम पंचायत के सरपंच को पुलिस ने नजर बंद कर दिया था. 


बैज ने दावा किया कि इससे पहले मुख्यमंत्री के दामाद चित्रकोट घूमने आए हुए थे. सरपंच द्वारा भोजन की व्यवस्था नहीं करने पर एसडीएम के कहने पर सरपंच पर एफआईआर दर्ज करा दिया गया था. अब सीएम के आगमन पर सरपंच को ही नजरबंद कर दिया गया. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल में जिस नाका को एसडीएम ने सील किया है उसे कांग्रेस खुलवा कर रहेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP