अनोखा विरोध: 'बादाम खाइये याददाश्त तेज होगी, मेरी फाइल मिल जाएगी'
अनोखा विरोध: 'बादाम खाइये याददाशत तेज होगी, मेरी फाइल मिल जाएगी'
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के तिफरा सिरगिट्टी इलाके में हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली से तंग आकर एक युवक द्वारा विरोध जताने का बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है. दरअसल, तरुण साहू नाम के एक व्यक्ति ने करीब एक साल पहले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी का एक फ्लैट खरीदा था.
आरोप है कि रजिस्ट्री की तमाम कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उन्होंने नामांतरण के लिए तिफरा स्थित अभिलाषा परिसर के हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में आवेदन दिया था. नियमतः यह काम एक-दो महीने के भीतर हो जाना चाहिए था, लेकिन विडंबना देखिए कि तरुण को इसके लिए साल भर से ज्यादा समय तक दफ्तर की दहलीज लांघनी पड़ी.
हैरान करने वाली बात यह है कि जब भी वे दफ्तर जाते, उन्हें जवाब मिलता कि उनकी फाइल ही नहीं मिल रही है.
अधिकारियों की इस लेटलतीफी और फाइलों के रखरखाव में लापरवाही से परेशान होकर तरुण ने एक अनूठा रास्ता निकाला.
वे आधा किलो बादाम का पैकेट लेकर सीधे दफ्तर जा पहुंचे और वहां मौजूद जिम्मेदार अधिकारी को बादाम भेंट करते हुए तंज कसा कि 'इसे खाइए, शायद आपकी याददाश्त तेज हो जाए और मेरी फाइल मिल जाए.'
50 से ज्यादा बार कार्यालय के चक्कर काट चुके इस पीड़ित युवक का यह वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है. लोग न केवल इस रचनात्मक विरोध की सराहना कर रहे हैं, बल्कि सरकारी महकमों में फाइलों के गुम होने और आम जनता की परेशानी को लेकर सिस्टम पर सवाल भी उठा रहे हैं.