बेटे की मौत का गम नहीं सह सका दंपति, फंदे से लगाई फांसी
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र के धरदेई गांव में इकलौते बेटे की मौत के गम में डूबे माता-पिता ने एक साथ फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. सोमवार सुबह 48 वर्षीय कृष्ण पटेल और उनकी 47 वर्षीय पत्नी रामाबाई पटेल के शव उनके घर के आंगन में लगे पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक भावुक वीडियो मिला है. सुसाइड नोट में दंपति ने लिखा कि वे पूरी चेतना में अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं और उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए.
उन्होंने रिश्तेदारों से अपील की कि उन्हें बिना किसी शोक के "खुश दिल से विदाई" दी जाए. दंपति ने अपने बेटे आदित्य पटेल को अपने जीवन की नींव बताया और लिखा कि पिछले साल सड़क हादसे में उसकी मौत के बाद से वे जीने का साहस नहीं जुटा पा रहे थे.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दंपति एक वकील से अनुरोध करते नजर आ रहे हैं कि उनके बेटे आदित्य की दुर्घटना से संबंधित कोई भी लंबित मुआवजा या दावा उनके बड़े भाइयों, कुलबाहरा और जलबाहरा पटेल को सौंप दिया जाए.
ज्ञात हो कि 21 वर्षीय आदित्य की मौत 2024 में मस्तूरी क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में हुई थी, जिसके बाद से माता-पिता गहरे सदमे में थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट व वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है.