रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

गांधीनगर में टाइफाइड का प्रकोप: 104 मरीज अस्पताल में भर्ती

C

CG Khabar

03 जन. 2026, 02:55 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

गांधीनगर रेलवे स्टेशन
गांधीनगर रेलवे स्टेशन

गांधीनगर । डेस्क: गुजरात के गांधीनगर में संदिग्ध टाइफाइड का बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ पिछले तीन दिनों में बच्चों सहित कुल 104 मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शनिवार 3 जनवरी, 2026 को गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की. 


इस गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जिला कलेक्टर से तीन बार फोन पर चर्चा कर फीडबैक लिया है और वे शाम को पुनः स्थिति की समीक्षा करेंगे.

विज्ञापन


मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में 22 डॉक्टरों की एक विशेष टीम तैनात की गई है. उपमुख्यमंत्री संघवी ने बताया कि डिप्टी कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं. भर्ती मरीजों के परिवारों के लिए भोजन और अन्य सुविधाओं के उचित इंतजाम किए गए हैं. 


सिविल अस्पताल की मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. मीता पारिख के अनुसार, गांधीनगर के सेक्टर 24, 25, 26, 28 और आदिवासी क्षेत्र के लोग इससे प्रभावित हुए हैं, हालांकि वर्तमान में सभी मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है.


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रभावित इलाकों से लिए गए पानी के नमूने पीने के लिए असुरक्षित पाए गए हैं. इसके बाद गांधीनगर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे शुरू कर दिया है. 


प्रशासन ने नागरिकों को पानी उबालकर पीने, घर का बना खाना खाने और पानी की टंकियों की सफाई के लिए क्लोरीन की गोलियों का उपयोग करने की सलाह दी है. सरकार और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP