बीजापुर मुठभेड़ में दो जवान घायल
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीज मुठभेड़ चल रही है. इस मुठभेड़ में डीआरजी के दो जवान घायल हो गए हैं. वहीं कई माओवादियों के घायल होने का दावा किया जा रहा है.
घायल दोनों जवानों को एयर लिफ्ट कर रायपुर भेजा गया है. फिलहाल दोनों जवानों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में चल रही है. पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगालूर क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी है.
इसी सूचना पर 11 अगस्त को डीआरजी की टीम को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया था. मंगलवार की सुबह ऑपरेशन के दौरान जवानों का माओवादियों से आमना-सामना हुआ.
तब से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी जारी है. दोनों तरफ से हुई फायरिंग में डीआरजी के 2 जवान घायल हो गए हैं.
घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.
सुरक्षा बलों का दावा है कि इस मुठभेड़ में कई माओवादियों को गोली लगी है.
हालांकि घायल माओवादियों को उसके साथी उठाकर अपने साथ ले जाने में कामयाब हो गए हैं. जिसे देखते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है.
आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है, ताकि माओवादी भाग न सकें.
बीजापुर जिले में 6 अगस्त को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. जवानों ने मुठभेड़ में एक माओवादी मार गिराया था.
मारे गए माओवादी का शव और हथियार बरामद किया गया था. इसके अलावा बीजापुर में एक महिला समेत 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था.
इनमें से 6 माओवादियों पर 24 लाख रुपए का इनाम घोषित था.