तालाब में डूबने से दो मासूम दोस्तों की मौत
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा में 2 मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई. कल देर शाम दोनों बच्चे साइकिल धोने के लिए तालाब में उतरे थे.
उसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए. साथ में गए अन्य दोस्तों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला.
तत्काल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम केरजू का है.
केरजू निवासी नवीन अग्रवाल का पुत्र आरव अग्रवाल (9 वर्ष) और पड़ोसी संजय अग्रवाल का बेटा अंश अग्रवाल (7 वर्ष) दोनों दोस्त थे.
दोनों साथ में खेलते थे. बुधवार को दोनों बालक स्कूल से लौटने के बाद शाम को साइकिल लेकर घर से खेलने के लिए निकले थे.
उनके साथ गांव के कुछ और बच्चे भी थे. इस दौरान खेलते-खेलते साइकिल में कीचड़ लग जाने से उसे धोने तालाब चले गए.
आरव और अंश अपनी-अपनी साइकिल को लेकर तालाब में उतर गए. साइकिल धोने के दौरान अचानक पैर फिसल गया और दोनों पानी में गिर गए.
गहरे पानी जाने से दोनों डूबने लगे. इसे देख साथ गए बच्चों ने शोर मचाया तो गांव के लोग वहां पहुंचे.
ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला, जब तक दोनों बेहोश हो चुके थे. जब तक उनके परिजन भी पहुंच गए.
तत्काल दोनों बच्चों को कांसाबेल हॉस्पिटल ले जाया गया. वहां से मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर लाया गया. जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना से गांव में शोक है. दोनों बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.