बेंगलुरु के 5-स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से 2 विदेशी नागरिकों की मौत, बचाव में 2 घायल
बेंगलुरु के कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम स्विमिंग पूल में संदिग्ध करंट लगने से जर्मन और स्लोवाक नागरिक की जान चली गई. पीड़ितों को बचाने की कोशिश में अमेरिकी नागरिक और पूल अटेंडेंट घायल हो गए.
बेंगलुरु । डेस्क: बेंगलुरु के हलसूरु स्थित 5-स्टार कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम तीसरी मंजिल पर स्थित स्विमिंग पूल में तैरने के दौरान संदिग्ध करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. इस दौरान उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे दो अन्य लोग घायल हो गए.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान जर्मनी के 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और स्लोवाकिया के 45 वर्षीय जुराज होर्वात के रूप में हुई है. अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस लुफ्थांसा में क्रू मेंबर के पद पर कार्यरत थे, जबकि जुराज होर्वात आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम कर रहे थे.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डिसेंटिस और 28 वर्षीय भारतीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी पीड़ितों को बचाने के प्रयास में घायल हो गए.
दोनों घायलों को तुरंत मनिपाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं.
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. संदिग्ध करंट लगने और मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.