बलरामपुर: बस और बाइक की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर मौत
ग्राम गोविंदपुर के पास बस और बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की जान चली गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई.
बलरामपुर । संवाददाता: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोविंदपुर के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी. जशपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पॉपुलर बस और सामने से आ रही बाइक (क्रमांक CG 30 F 7908) के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान ग्राम कांची निवासी 18 वर्षीय ननसू राम बरगाह (पिता रमेश राम) और उनके साथी राजू राम के रूप में हुई है. दोनों गुरुवार को किसी काम से कुसमी आए हुए थे.
शाम करीब 5 बजे वे बाइक से वापस अपने घर लौटने के लिए निकले थे, जिसके बाद लगभग 5:20 बजे गोविंदपुर के समीप यह दुर्घटना हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की गति तेज होने के कारण टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे.
घटना के तुरंत बाद ग्राम कोटवार जयप्रकाश ने मामले की जानकारी कुसमी थाना पुलिस को दी.
सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भिजवाया.
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है तथा मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.