कोरबा में दंतैल हाथी ने तीन घरों को तोड़ा
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के तौलीपाली और कुदमुरा गांव में मंगलवार की सुबह एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. जंगल से भटककर सुबह-सुबह गांव पहुंचा हाथी सबसे पहले तो मवेशियों को खूब दौड़ाया.
उसके बाद तीन कच्चे मकानों की दीवार तोड़कर बोरियों में रखी धान और प्याज को चटकर गया. यहां से निकलने के बाद खेतों में फसल को नुकसान पहुंचाया.
बताया गया कि घटना मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे की है. अचानक हाथी तौलीपाली की बस्ती में घुस गया. काफी देर तक हाथी गांव में इधर से उधर घूमता रहा.
इसके बाद बालक राम राठिया के घर को तोड़कर एक बोरी धान और एक बोरी प्याज को नष्ट कर दिया.
यहां से निकलकर हाथी कुदमुरा पहुंचा, जहां उसने पुनी राम घनुहार और मनमोहन राठिया के घरों को भी तोड़ दिया. वहां भी दो-तीन बोरी धान को नुकसान पहुंचाया.
पीड़ित ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पीड़ित ग्रामीणों ने विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है.
वन विभाग के मुताबिक क्षेत्र में 18 हाथियों का झुंड घूम रहा है. जिसमें से एक दंतैल हाथी झुंड से अलग होकर गांवों में घूम रहा है.
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है और वे वन विभाग से तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं.
एक सप्ताह से इलाके में घूम रहा
ग्रामीणों ने बताया कि यह हाथी पिछले एक सप्ताह से इस क्षेत्र में घूम रहा है. इस दौरान कई बार हाथी गांव तक पहुंचा है.
बार-बार हाथी के रिहायशी क्षेत्रों में आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण रात में तो घर से बाहर निकल ही नहीं रहे हैं. अब तो हाथी सुबह भी पहुंचने लगा है.
ग्रामीणों की शिकायत पर आज वन विभाग की टीम ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा है. हाथी के जंगल की ओर जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.
लेकिन अभी भी ग्रामीणों को डर है, कि हाथी आसपास के जंगल में ही विचरण कर रहा है और कभी भी गांव की तरफ आ सकता है.