सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग में पार्किंग विवाद में ट्रक ड्राइवर का मानव वध

C

CG Khabar

13 जून 2026, 02:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर मार्ग पर कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन खड़ा करने जैसी मामूली बात पर हुआ विवाद एक ट्रक ड्राइवर के लिए काल बन गया. 10 जून 2026 को हुई इस हिंसक झड़प में घायल चालक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. कुम्हारी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी व चश्मदीदों के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हाईवा चालक को दबोच लिया है, जिसे अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है.


पुलिस की तफ्तीश में यह बात साफ हुई है कि यह वारदात पूर्व नियोजित हत्या नहीं, बल्कि तात्कालिक गुस्से का परिणाम थी. इसी वजह से कुम्हारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत आपराधिक मानव वध (Culpable Homicide not amounting to murder) का मुकदमा दर्ज किया है. 

विज्ञापन


पुलिस ने तफ्तीश के दौरान घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और वारदात में शामिल हाईवा वाहन (क्रमांक CG 04 LB 9345) को अपने कब्जे में ले लिया है.


पकड़े गए आरोपी की पहचान 37 वर्षीय देव कुमार साहू के रूप में हुई है, जो बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम भूसरेंगा (पोस्ट बेलौदी) का निवासी है. 


पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना उस वक्त शुरू हुई जब हरियाणा नंबर के ट्रक (HR 38 Z 3022) का चालक कुम्हारी टोल प्लाजा के पास यू-टर्न लेकर अपनी गाड़ी किनारे खड़ी करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वहां पहुंचे हाईवा चालक के साथ उसकी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई.


चश्मदीदों के अनुसार, हाईवा चालक ने ट्रक ड्राइवर के साथ बेरहमी से मारपीट की. इसके कुछ ही देर बाद ट्रक ड्राइवर की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. 


वहां मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए उसे फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाने का इंतजाम किया, लेकिन जख्मों और सदमे को न झेल पाने के कारण रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. फिलहाल पुलिस मामले के अन्य कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP