छत्तीसगढ़ में अब ट्रिपल इंजन की सरकार-किरण देव
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर निगम में भाजपा की शानदारी जीत
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है.
जिस तरह से प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है, इसी का नतीजा रहा कि पूरे 10 के 10 नगरीय निकाय में भाजपा ने जीत दर्ज की है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में निगम में कांग्रेस की सरकार थी. लेकिन विकास के नाम पर छत्तीसगढ़ की जनता के साथ केवल छल ही किया.
अब सभी नगरीय निकाय के साथ ही अधिकांश नगर पंचायतों व नगर पालिकाओं में भाजपा की सरकार बनी है.
अब कांग्रेस के पिछले कार्यकाल की फाइल खोली जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा से बागी होकर जिसने भी चुनाव लड़ा और जीता है, वो ये न सोचे कि हम फिर से भाजपा में शामिल हो जाएंगे.
जो निष्कासित हैं तो निष्कासित ही रहेंगे.
जगदलपुर में भाजपा की जीत
जगदलपुर नगर निगम में भाजपा के संजय पांडेय ने मलकीत सिंह गैदू को 8 हजार 762 मतों से पराजित किया है.
भाजपा प्रत्याशी संजय पांडे को कुल 38 हजार 38 वोट मिले. जबकि कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू को 29 हजार 276 मत मिले.
इससे पहले जगदलपुर निगम में लगातार 2 बार कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी. अब 10 साल बाद यहां भाजपा का कब्जा हुआ है.
इसी तरह नगर निगम के कुल 48 वार्डों में से 30 वार्डों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है.
जबकि 16 वार्डों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है. वहीं दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी चुन कर आए हैं.
शहर को स्वच्छ बनाना पहली प्राथमिकता- संजय
चुनाव जीतने के बाद संजय पांडे ने कहा कि यह भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है.
मेरी पहली प्राथमिकता शहर को पूरी तरह से स्वच्छ बनाना है.
साथ ही 6 महीने के अंदर अमृत मिशन योजना और अधूरे पड़े पीएम आवास योजना के काम को पूरा करना है.
वार्ड वासियों के मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मलकीत सिंह गैदू को बलि का बकरा बनाया था. क्योंकि वह महापौर पद के लिए चुनाव लड़ना ही नहीं चाहते थे.
कांग्रेस के पीसीसी चीफ दीपक बैज ने जबरदस्ती टिकट तय कर दिया और उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
जनादेश का सम्मान- गैदू
कांग्रेस प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि हम जनादेश का सम्मान करते हैं.
कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ताओं ने पूरी ईमानदारी से काम किया.
पार्षद के सभी प्रत्याशियों ने भी चुनाव में भरपूर मेहनत की.
हालांकि हम चुनाव नहीं जीत पाए. कांग्रेस ने बहुत ही मजबूती के साथ इस चुनाव को लड़ा.
प्रदेश अध्यक्ष के वार्ड में कांग्रेस की जीत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के अपने ही वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा.
यहां से कांग्रेस उम्मीदवार ने चुनाव जीता है.
हालांकि कांग्रेस की इस जीत को लेकर प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि चुनाव में हार जीत लगा रहता है.