आज पूरे छत्तीसगढ़ को कवर करेगा मानसून
आज पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर सकता है मानसून
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मानसून राज्य के आधे से अधिक हिस्सों में सक्रिय हो चुका है. वहीं बुधवार तक बचे हुए हिस्सों को भी कवर कर सकता है. लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी तक अपनी मौजूदगी का पर्याप्त अहसास नहीं करा पाया है.
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर होते हुए सरगुजा तक पहुंच गया है. सरगुजा के कुछ हिस्सों को छोड़कर बाकी जगहों पर अभी तक झमाझम बारिश नहीं हुई है.
मंगलवार को रायगढ़ और कोरबा में अच्छी बारिश हुई है. बस्तर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है.
हालांकि मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
छह जिलों मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज और जशपुर में मेघगर्जना के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा रायपुर-दुर्ग समेत 19 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अनुमान है.
यहां हुई बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में बस्तर और सरगुजा संभाग में अच्छी बारिश हुई है.
इस दौरान कुसमी, गीदम में 7-7 सेंटीमीटर, गोबरा नवापारा में 5, सन्ना, गिधौरी, टुंड्रा, शंकरगढ़, दंतेवाड़ा, बिलाईगढ़, राजिम, कुटरू, पुसौर में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है.
इसी तरह तोकापाल, लवन, बरमकेला, चंद्रपुर, पथरिया, रामचंद्रपुर, रामानुजगंज, करतला में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा, बम्हनीडीह, खरसिया, दरभा, मुकडेगा, चांदो, करपावंड, शिवरीनारायण, बारसूर, सामरी, लैलूंगा, बस्तर, बलरामपुर, तपकरा, पलारी, अम्बिकापुर, जगदलपुर, जशपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई है.
बारिश से औसत तापमान में गिरावट
राजधानी रायपुर में बुधवार को सुबह से बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबादी भी हुई.
रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आज शाम तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं.
पिछले दो दिनों में हुई बारिश से प्रदेश के औसत तापमान में भी 4-5 डिग्री की गिरावट आई है.
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में 37.4 डिग्री और सबसे कम राजनांदगांव 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
मानसून सक्रिय, पर नहीं हो रही तेज बारिश
पिछले 25 दिनों से बस्तर में अटका मानसून सोमवार-मंगलवार को रायपुर से होते हुए सरगुजा तक पहुंच गया.
बताया जा रहा है कि इस बीच करीब 76 फीसदी हिस्सों में मानसून सक्रिय हुआ है. मगर इसका असर अब तक जोरदार ढंग से कही नजर नहीं आया है. प्रदेश के किसी भी हिस्से में अतिवृष्टि नहीं हुई है.
मौसम विभाग के अनुसार इसकी प्रमुख वजह मानसून द्रोणिका की मौजूदगी है.
बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ बंगाल की खाड़ी में तैयार होने वाली सारी नमी को अपनी ओर खींच रहा है, जिसकी वजह से प्रदेश में छाए बादल जोरदार ढंग से बरस नहीं पा रहे हैं.
पश्चिमी विक्षोभ बना रोड़ा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिणी पश्चिमी बांग्लादेश और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है.
इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है.
इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होने की संभावना है.
इस पर पश्चिमी विक्षोभ का अवरोध है. हालांकि बुधवार को अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.