कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर तीसरी बार फायरिंग
नई दिल्ली । डेस्क: कनाडा के सरे में स्थित कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्तरां 'कैप्स कैफे' पर गुरुवार 16 अक्टूबर, 2025 को एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है. यह जुलाई में खुलने के बाद से रेस्तरां को निशाना बनाने की तीसरी घटना है.
सिटी न्यूज़ वैंकूवर की रिपोर्ट के अनुसार, सरे पुलिस सेवा (SPS) बृहस्पतिवार तड़के लगभग 3:45 बजे 85 एवेन्यू और 120 स्ट्रीट पर स्थित इस व्यापारिक प्रतिष्ठान पर गोलियां चलने की खबरों की जांच कर रही है. बताया गया है कि घटना के समय रेस्तरां के कर्मचारी अंदर मौजूद थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ.
इस माह की शुरुआत में ही रेस्तरां को 10 जुलाई और 7 अगस्त को हुई पिछली गोलीबारी की घटनाओं के बाद दोबारा खोला गया था. 7 अगस्त को तड़के हुई फायरिंग से खिड़कियों और इमारत को नुकसान पहुंचा था, हालांकि इसमें भी कोई घायल नहीं हुआ था.
रेस्तरां का उद्घाटन ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में 4 जुलाई को हुआ था और उद्घाटन के एक हफ्ते के भीतर ही 10 जुलाई को इसे पहली बार निशाना बनाया गया था.