बस्तर में 5वीं व 8वीं बोर्ड परीक्षा में नकल करा रहे शिक्षक
छत्तीसगढ़ के बस्तर में 5वीं व 8वीं बोर्ड परीक्षा में छात्रों को नकल करा रहे शिक्षक
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्कूल शिक्षा विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. बकावंड और बस्तर ब्लॉक के कई स्कूलों में प्राथमिक शालाओं में बोर्ड परीक्षा के दौरान खुलेआम नकल कराई जा रही है.
नकल कराने वालों में कोई और नहीं बल्कि खुद शिक्षक ही शामिल हैं. छात्र किताब और मोबाइल से देख-देखकर उत्तर पुस्तिका पर जवाब लिख रहे हैं और शिक्षक उन्हें पुस्तक मुहैया करा रहे हैं.
इस घटना से हमारी शिक्षा व्यवस्था की पोल तो खुलती ही है साथ ही इन छात्रों के भविष्य पर भी सवालिया निशान लगता है.
नई शिक्षा नीति के तहत 5 वीं 8 वीं बोर्ड परीक्षा
दरअसल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से साल 2024-25 में नई शिक्षा नीति लागू की गई है. नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों को बोर्ड परीक्षा देना अनिवार्य कर दिया गया है.
इस परीक्षा में अगर कोई छात्र फेल होता है, तो उसे दो महीने के भीतर पुनः परीक्षा देने का अवसर मिलेगा. साथ ही संबंधित स्कूल के शिक्षकों को उन असफल छात्रों को पुनः पढ़ाना होगा.
लेकिन यहां शिक्षक अपने स्कूल का परीक्षा परिणाम बेहतर दिखाने के लिए बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.
खुलेआम बच्चों को करायी जा रही नकल
इधर बकावंड ब्लॉक के कोरटा प्राथमिक शाला में एक बच्चे के पालक द्वारा बनाये गए वीडियो में बच्चे खुलेआम किताब से उत्तर देखकर लिखते हुए नजर आ रहे हैं.
वीडियो बनाते देख शिक्षिका छात्रों के पास से तुरंत अलग हट गईं और नकल करवाने की बात से इंकार कर दिया.
वहीं परीक्षा केंद्र के प्रभारी कमला देवी ने भी किसी भी प्रकार की नकल करवाने से इनकार कर दिया.
स्कूल के सभी शिक्षक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए.
मोबाइल से देखकर लिख रहे थे उत्तर
बकावंड ब्लॉक के नलपावंड प्राथमिक शाला में भी यही स्थिति देखने को मिली. इसके अलावा बस्तर ब्लॉक के तारागांव जहाँ 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र एक साथ बैठकर मोबाइल से उत्तर देखकर लिख रहे थे.
परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी शिक्षक छात्रों को उत्तर बताते हुए नजर आए. इधर परीक्षा केंद्र प्रभारी धनुर्जय बघेल ने नकल नहीं करवाने पर सफाई दी.
डीईओ ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने कहा कि उन्हें भी कुछ ग्रामीणों के द्वारा दिखाए गए वीडियो के माध्यम से जानकारी मिली है.
संबंधित स्कूल के शिक्षकों को नोटिस भेजा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी.