सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा: 69 लाख रुपए के गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

C

CG Khabar

14 सित. 2026, 03:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

गांजा तस्कर गिरफ्तार
गांजा तस्कर गिरफ्तार

अंबिकापुर । संवाददाता: ओडिशा से नई स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे तस्करों को सरगुजा और जशपुर पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अजय बंसल और बलराज सिंह के रूप में हुई है, जबकि उनका एक साथी अमन मौके से भागने में कामयाब रहा. 


पुलिस ने तस्करों की गाड़ी से 53 पैकेटों में भरा करीब 138 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 69 लाख रुपए आंकी गई है. आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई है.

विज्ञापन


कार्रवाई की शुरुआत जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से हुई, जहां सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों में ओडिशा से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लाया जा रहा है. सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस ने घेराबंदी और बेरिकेडिंग की, लेकिन पुलिस को चकमा देकर तस्कर स्कॉर्पियो को दूसरे रास्ते से सरगुजा की तरफ भगा ले गए. 


इसके बाद बगीचा पुलिस ने तुरंत सरगुजा पुलिस को अलर्ट किया, जिसके बाद बतौली और लुंड्रा थाने की टीमों ने मोर्चा संभाला.


बतौली थाना क्षेत्र के बिलासपुर के पास पुलिस की नाकेबंदी देखकर तस्कर लुंड्रा की ओर भागे, जहां पुलिस की गाड़ियों को अपना पीछा करते देख उन्होंने बरगीडीह बस्ती में स्कॉर्पियो को लॉक कर दिया और पैदल ही झेराडीह के गन्ने के खेतों में जा छिपे. 


लुंड्रा व बतौली पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेरकर गन्ने के खेत में कई घंटों तक सघन सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.


एसडीओपी राकेश बघेल के अनुसार, तस्करों ने पूछताछ में कबूल किया है कि वे यह गांजा ओडिशा से ला रहे थे. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गन्ने के खेतों से चकमा देकर फरार हुए तीसरे आरोपी अमन की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP