सरगुजा: पति ने हथौड़े से वार कर पत्नी की हत्या की
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के रेवती गांव में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी की हथौड़े से मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने बीच-बचाव करने आई अपनी साली और उसकी नाबालिग बेटी पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक शादी समारोह के दौरान हुई.
यशोदा कुशवाहा अपने पति गणेश कुशवाहा के साथ अपने भाई की शादी में शामिल होने मायके रेवती गांव आई थी. रात में शादी की रस्मों के बाद जब सब सो रहे थे, तभी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
गुस्से में आकर गणेश ने हथौड़ा उठाया और यशोदा के सिर पर वार कर दिया. चीख-पुकार सुनकर जब गणेश की साली गंगोत्री और उसकी बेटी वहां पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया.
परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने यशोदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मां-बेटी का उपचार जारी है. प्रतापपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.