सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूरजपुर हत्याकांड: जमीन के लालच में चचेरे भाई ने ली मासूम की जान

C

CG Khabar

15 फ़र. 2026, 01:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कुल्हाड़ी से हत्या
कुल्हाड़ी से हत्या

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन के टुकड़े के लिए एक भाई ने अपने ही 14 वर्षीय चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. यह वारदात महोरा गांव की है.


सूरजपुर के महोरा क्षेत्र में 11 फरवरी से लापता 14 वर्षीय किशोर लालसाय का शव अगले दिन जंगल में बरामद हुआ. पुलिस तफ्तीश में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि मृतक का चचेरा भाई देवसाय पण्डो निकला. 

विज्ञापन


आरोपी ने जमीन विवाद के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया और पकड़े जाने के डर से पुलिस व परिजनों को गुमराह करने की शातिर साजिश भी रची.


पुलिस के अनुसार, आरोपी देवसाय 11 फरवरी को लालसाय को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया था. वहां विवाद बढ़ने पर उसने कुल्हाड़ी से किशोर के गले पर जानलेवा हमला कर दिया. घायल किशोर अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उसे मौत के घाट उतार दिया.


खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए आरोपी ने एक फिल्मी पैंतरा अपनाया. उसने मृतक के ही फोन से उसके मामा को कॉल किया और अज्ञात बनकर जानकारी दी कि लालसाय का शव जंगल में पड़ा है. इतना ही नहीं, अगले दिन वह परिजनों के साथ मिलकर मासूम को ढूंढने का नाटक भी करता रहा.


जमीन बंटवारे के पुराने विवाद को केंद्र में रखकर जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो देवसाय की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. हिरासत में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. 


पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, मृतक का मोबाइल और झाड़ियों में फेंके गए सिम कार्ड बरामद कर लिए हैं. फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और पुलिस कानूनी कार्यवाही को अंतिम रूप दे रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP