मां की हत्या कर थाने पहुंचा बेटा
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां के चकरभट्ठा थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी.
मां को कुल्हाड़ी के कटने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की शाम सरवानी गांव निवासी विष्णु केंवट कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है.
पुलिस तत्काल आरोपी को लेकर गांव पहुंची तो मंटोरा बाई केंवट की लाश घर के पास सड़क पर खून से लथपथ पड़ी हुई थी.
आरोपी विष्णु केंवट ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ सालों से अपने चारों बच्चों की बीमारी से परेशान था. उसने पहले बच्चों को लेकर डॉक्टर के पास इलाज कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.
इसके बाद झाड़-फूंक कराने बैगाओं के पास जाने लगा. बैगा ने कहा कि तुम्हारे बच्चों पर किसी ने जादू टोना किया है. इस कारण वे बार-बार बीमार पड़ रहे हैं.
जादू टोना करने वाला कोई और नहीं तुम्हारे परिवार का ही सदस्य है. बैगा की बातों में आकर विष्णु अपनी मां पर शक करने लगा.
विष्णु ने अपनी मां को जादू-टोना करने का आरोप भी लगाया. इस पर मां ने बेटे को समझाते हुए अंधविश्वास में नहीं पड़ने की बता कही और सभी आरोपों को गलत बताया.
विष्णु की मां मंटोरा बाई केंवट अपने छोटे बेटे महेश केंवट के साथ रहती थी. शुक्रवार को गुस्से में आकर विष्णु कुल्हाड़ी लेकर मां के पास पहुंचा और ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के तुरंत बाद विष्णु चकरभट्टा थाने गया और अपना गुनाह कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.