राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा MP ने 'आप' को कहा अलविदा, BJP में होंगे शामिल
नई दिल्ली । डेस्क: आम आदमी पार्टी में जारी अंदरूनी कलह ने शुक्रवार को उस समय एक बड़ा मोड़ ले लिया जब राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने छह अन्य सांसदों के साथ पार्टी से इस्तीफा दे दिया. चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है.
राघव चड्ढा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने 15 वर्षों तक अपने खून-पसीने से सींचा, वह अब अपने सिद्धांतों और मूल्यों से भटक गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब देशहित के बजाय व्यक्तिगत लाभ के लिए काम कर रही है.
राज्यसभा में 'आप' के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सदस्यों के इस कदम को संवैधानिक प्रावधानों के तहत विलय माना जा रहा है.
राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे देश के विकास और आतंकवाद के खिलाफ लिए गए कड़े फैसलों से प्रभावित हैं.
उन्होंने खुद को "गलत पार्टी में सही आदमी" बताते हुए आश्वासन दिया कि वे संसद में जनता के मुद्दों को पहले की तरह ही ऊर्जा के साथ उठाते रहेंगे.
यह घटनाक्रम राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी नेता के पद से हटाए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है, जिससे 'आप' नेतृत्व और उनके बीच तल्खी चरम पर पहुंच गई थी.
आप छोड़ने वाले राज्यसभा सांसद
राघव चढ्ढा
स्वाति मालीवाल
हरभजन सिंह
संदीप पाठक
अशोक मित्तल
राजिंदर गुप्ता
विक्रम साहनी.