पहलगाम में सुरक्षा चूक ने ली दिनेश की जान- पत्नी
छत्तीसगढ़ के रायपुर के कारोबारी की पहलगाम में मौत सुरक्षा चूक के कारण-पत्नी
रायपुर | संवाददाताः पहलगाम में हुए आतंकी हमले में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया की मौत के मामले में उनकी पत्नी ने सुरक्षा में लापरवाही को इसका जिम्मेदार बताया है.
मिरानिया परिवार मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के लाठौर का निवासी है. इस घटना के बाद ओडिशा के डिप्टी सीएम और सांसद ने दिनेश की पत्नी नेहा मिरानिया से फोन पर बातचीत की.
इस बातचीत के दौरान दुःख में डूबी नेहा ने डिप्टी सीएम से कहा कि अगर वहां सुरक्षा के इंतजाम होते तो दिनेश हमारे साथ होते. दोबारा ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए सरकार पुख्ता इंतजाम करे.
सुरक्षा इंतजाम होते तो, दिनेश हमारे बीच होते
बातचीत के दौरान दिनेश की पत्नी नेहा ने कहा कि सुरक्षा में चूक होने की वजह से यह घटना हुई है.
उन्होंने कहा कि वहां पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो आज दिनेश हमारे बीच रहते. सरकार को टूरिस्ट इलाकों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करना चाहिए. जिससे कि कोई परिवार दोबारा न बिखरे. आतंकवादी किसी और को शिकार न बनाएं.
दरअसल स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया का पूरा परिवार कारोबार की वजह से कई सालों पहले रायपुर आकर बस गया था. हालांकि ओडिशा में आज भी उनके पारिवारिक और व्यापारिक संबंध है.
जिस वजह से ओडिशा के डिप्टी सीएम कनक वर्धन सिंह देव और बलांगीर सांसद संगीता देव ने फोन पर परिजनों से बात की.
दिनेश अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ के साथ वैष्णो देवी यात्रा और जम्मू कश्मीर घूमने गए हुए थे.घटना के दिन वह पहलगाम में थे. इस दौरान आतंकवादियों ने उनके कनपटी पर गोली मार दी थी.
इस घटना में दिनेश की बेटी लक्षिता बाल-बाल बची थी.
इस घटना के बाद गुरुवार को दिनेश का शव रायपुर लाया गया. जहां रायपुर पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से पूरे सम्मानजनक तरीके से दिनेश का अंतिम संस्कार किया गया. जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत मंत्रीमंडल के कई सदस्य शामिल हुए.