सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

SECL के तकनीकी निदेशक अरुण कुमार त्यागी का सड़क हादसे में निधन

C

CG Khabar

08 मई 2026, 04:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

 अरुण कुमार त्यागी
अरुण कुमार त्यागी

कोरबा । संवाददाता: एसईसीएल (SECL) परिवार के लिए शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद खबर लेकर आई. गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक और हाल ही में निदेशक तकनीकी (DT) के पद पर पदोन्नत हुए वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार त्यागी का एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया. 


यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए गेवरा से सिंगरौली की ओर प्रस्थान कर रहे थे.

विज्ञापन


प्राप्त विवरण के मुताबिक, अरुण त्यागी गुरुवार की आधी रात के करीब अपनी इनोवा कार से रवाना हुए थे. कोरबा-चोटिया मार्ग पर स्थित चोटिया के समीप उनकी कार और एक पार्सल वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से चोटिल हो गए. 


आनन-फानन में उन्हें बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार तड़के लगभग 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


अरुण कुमार त्यागी की गिनती एसईसीएल के सबसे अनुभवी और मिलनसार अधिकारियों में होती थी. उन्होंने लंबे समय तक गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं. 


उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही कोयला जगत में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी अस्पताल पहुंचे. 


एसईसीएल के सीएमडी सहित प्रबंधन के आला अधिकारियों ने इसे संस्थान के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP