SCO सम्मेलन: PM मोदी ने बेनकाब किया पाकिस्तान का दोहरा चेहरा- विजय शर्मा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए एक गंभीर और वैश्विक चिंता का विषय है. इससे निपटने और मानवता की रक्षा के लिए सभी देशों को एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है.
रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए उप-मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक कूटनीतिक रुख की सराहना की. उन्होंने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के आतंकवाद को लेकर अपनाए जाने वाले दोहरे रवैये की हवा निकाल दी है.
सम्मेलन में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सामने पीएम मोदी ने दोटूक शब्दों में स्पष्ट किया कि जो देश आतंकवाद को अपनी राज्य नीति के हथियार के रूप में इस्तेमाल करते हैं, दुनिया को उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाना होगा.
विजय शर्मा ने आगे कहा कि जब दुनिया के सभी देश आतंकवाद के मुद्दे पर एक साथ आएंगे, तो गलत काम करने वालों और आतंकियों को कहीं भी छिपने की जगह नहीं मिलेगी और उन्हें कानून के दायरे में लाकर सजा दी जा सकेगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी फजीहत से बोखलाए पाकिस्तान ने SCO सम्मेलन की आधिकारिक ग्रुप फोटो से भारतीय प्रधानमंत्री और ईरान के राष्ट्रपति को ही क्रॉप करके हटा दिया, जो उसकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की निडर और मजबूत कूटनीति ने वैश्विक मंच पर पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है.
गौरतलब है कि बिश्केक में आयोजित 26वें SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के पूरे तंत्र-जिसमें इसकी फंडिंग, भर्ती, कट्टरपंथ और सुरक्षित पनाहगाह शामिल हैं-को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया था.
पीएम मोदी ने कहा था कि आतंकवाद पूरी मानवता के लिए बहुत बड़ा खतरा है और इस लड़ाई में 'दोहरे मापदंड' के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया था कि आतंकवाद को कोई भी देश अपनी 'सामरिक संपत्ति' मानने की भूल न करे.