सूरजपुर: ट्रैक्टर ने शिक्षिका को कुचला, गर्भस्थ शिशु सहित मां की मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा के रामानुजनगर-भुनेश्वरपुर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्वामी आत्मानंद स्कूल की शिक्षिका शिफा त्रिपाठी की जान चली गई. 32 वर्षीय शिफा अपनी मोपेड से स्कूल की ओर जा रही थीं, तभी कौशलपुर के समीप सामने से आ रहे एक अनियंत्रित मॉडिफाइड ट्रैक्टर (UP 12 BW 2352) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
चश्मदीदों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतका संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलसचिव की सुपुत्री थीं और वह गर्भवती भी थीं.
इस हादसे में उनके साथ मौजूद 5 वर्षीय पुत्र कविश के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद मासूम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल अंबिकापुर अस्पताल रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और संबंधित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है.