सलमान खान ने बांद्रा में बेचा आलीशान फ्लैट
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, चाहे वो उनकी फिल्में हों या निजी जिंदगी. इस बार सलमान ने कुछ ऐसा किया है, जिसने पूरे बॉलीवुड को चर्चा में ला दिया है.
जी हां, सलमान ने मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा वेस्ट में अपना एक शानदार फ्लैट 5.35 करोड़ रुपये में बेच दिया है. यह खबर इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दस्तावेजों से सामने आई है.
रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म 'स्क्वायर यार्ड्स' के मुताबिक, यह सौदा जुलाई 2025 में आधिकारिक तौर पर रजिस्टर्ड हुआ. फ्लैट 'शिव आस्थान हाइट्स' बिल्डिंग में स्थित है, जिसका बिल्ट-अप एरिया करीब 1,318 वर्ग फुट (122.45 वर्ग मीटर) है.
इस डील में तीन कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं. दस्तावेजों के अनुसार, इस लेनदेन के लिए 32.01 लाख रुपये का स्टांप ड्यूटी और 30,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क भी चुकाया गया. कुल मिलाकर, यह फ्लैट लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये में बिका.
बांद्रा, मुंबई का एक बेहद रईस इलाका है और सलमान का पुराना ठिकाना रहा है. वह अपने परिवार के साथ यहीं रहते हैं और उनके पास इस इलाके में कई संपत्तियां हैं. यही वजह है कि इस फ्लैट की बिक्री ने हर किसी को हैरान कर दिया. लेकिन भाईजान पर इसका कोई असर नहीं! अंडरवर्ल्ड की धमकियों के बावजूद सलमान बेफिक्र अंदाज में मुंबई में ही डटे हुए हैं.
फ्लैट बिक्री की खबर के साथ-साथ सलमान अपनी नई फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' को लेकर भी चर्चा में हैं. इस फिल्म में वह शहीद कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका में नजर आयेंगे. यह फिल्म 2020 के भारत-चीन युद्ध की वीरगाथा को पर्दे पर जीवंत करेगी, जहां 15,000 फीट की ऊंचाई पर, हाड़ कंपा देने वाली ठंड में, बिना एक गोली चलाये 20 भारतीय सैनिक शहीद हुये थे. फिल्म का टीजर पोस्टर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसमें सलमान खान खून से सना चेहरा, कठोर संयम और देशभक्ति की आग लिए सैन्य अधिकारी के रूप में दिखे.
इस फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं, जो उनके साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगी. निर्देशक अपूर्व लाखिया की इस युद्ध-नाटिका को लेकर बॉलीवुड में जबरदस्त उत्साह है. खासकर तब, जब सलमान की पिछली फिल्म 'सिकंदर' बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी.
हाल ही में सलमान ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक फिट और लीन तस्वीर शेयर की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "लक्ष्य सही रखो और मेहनत करो...". इस पोस्ट ने फैंस में हलचल मचा दी. कई लोगों ने कमेंट किया कि "कुछ बड़ा" आने वाला है. और अब 'बैटल ऑफ गलवान' के टीजर पोस्टर ने उस उत्साह को और बढ़ा दिया है.
क्या सलमान का यह नया अवतार बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचायेगा? क्या बांद्रा में फ्लैट बिक्री के पीछे कोई बड़ा प्लान है? ये सवाल अभी हर किसी के दिमाग में घूम रहे हैं. लेकिन एक बात तो पक्की है- भाईजान जो भी करते हैं, वो खबर बन जाता है!