सक्ती: छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रिंसिपल निलंबित
सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) में नौवीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है. छात्र उमेश कंवर का शव स्कूल के शौचालय में पाया गया. आनन-फानन में स्कूल प्रशासन उसे अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल के प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है.
इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. परिजनों का स्पष्ट कहना है कि उमेश आत्महत्या नहीं कर सकता. उन्होंने आरोप लगाया है कि स्कूल में उसे प्रताड़ित या परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते उसकी जान गई है.
छात्र के रिश्तेदार संजय कंवर ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना फोन आया था कि बच्चे की हालत गंभीर है और वे अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही इस विद्यालय के छात्रों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्राचार्य के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके अलावा भी प्रशासनिक स्तर पर स्कूल व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें मिल चुकी थीं.
जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने बताया कि लापरवाही के आरोप में प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है और गठित जांच समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.