बीजापुर में रोड रोलर वाहन में लगी आग
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सड़क निर्माण में लगे रोड रोलर मशीन में अचानक आग लग गई. आग से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है.
रोड रोलर में आग लगने के बाद गंगालूर मार्ग पर आवाजाही बंद होने से राहगीर परेशान होते देखे गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल वाहन बुलाकर आग पर काबू पाया और यातायात बहाल किया.
प्रथम दृष्ट्या रोड रोलर वाहन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है.लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण घटना को माओवादियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
अक्सर माओवादी सड़क निर्माण में बाधा डालने के लिए भी गाड़ियों में आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं.
घटना के बाद से पुलिस ने इलाके में सर्चिंग अभियान को तेज कर दिया है.