बालोद में चक्काजाम, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई. घटना दल्लीराजहरा क्षेत्र के कारूटोला मोड़ के पास की है, जहां सुबह करीब 5 बजे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे मौजूद युवक को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से दूसरे गांव का निवासी था और यहां अपने किसी रिश्तेदार के घर विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया हुआ था. वारदात को अंजाम देने के बाद चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
इस हृदयविदारक घटना से स्थानीय ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उचित मुआवजे और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने कारूटोला मोड़ पर शव रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया.
मुख्य रास्ता होने के चलते देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों का लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
माहौल बिगड़ता देख पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब दो घंटे से जारी चक्काजाम समाप्त हो सका.
पुलिस ने पंचनामा कर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है और फरार वाहन व उसके चालक का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.