रायगढ़ में सड़क हादसा: एक कारोबारी की मौत, दूसरा गंभीर
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पटेलपाली सब्जी मंडी के पास देर रात एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण टक्कर में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पेशे से सब्जी कारोबारी थे और रोजाना की तरह रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे पटेलपाली मंडी से सब्जी खरीदने जा रहे थे.
इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार नेक्सॉन कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना जबरदस्त था कि उमेश ठाकुर नामक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उसका साथी संदीप शाह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
आसपास के लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी. दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल संदीप को स्थानीय अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है.
पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.