सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर में नदी-नाले उफान पर, मां-बेटा सहित तीन की मौत

बलरामपुर में नदी-नाले उफान पर, बहने से युवक की मौत

H

Hupendra Sharma

01 जुल. 2025, 09:19 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

बाढ़
बाढ़

बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझाम बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. जिले की सिंदूर नदी, कनहर नदी और चानन नदी पूरे शबाब पर है.


इसी प्रकार गांवों के छोटे-बड़े नालों में भी बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है. जिससे कई जगहों पर आवागमन प्रभावित हो गया है. दूसरी ओर गेरूर नदी में मछली मारने उतरा एक युवक तेज बहाव में बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन


इसी तरह गागर नदी में एक युवक कई घंटों से फंसा हुआ था, जिसे ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में नाले को पार करते समय मां-बेटे बह गए और दोनों की मौत हो गई.


प्रदेश में अभी तक बलरामपुर जिले में सबसे अधिक बारिश हुई है. पिछले तीन दिनों से जिले में काफी तेज बारिश हो रही है. अभी भी बारिश रुकी नहीं है.


लगातार बारिश होने से यहां जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो नदियों में पानी पुल के ऊपर बहने लगेगा.


फिलहाल पानी पुल से 2-3 फीट नीचे बह रहा है. लगातार बारिश होने से खेतों में पानी भर गया है. जिससे फसल खराब होने की आशंका किसानों ने व्यक्त की है.


बताया गया कि जारगिम निवासी मणिशंकर पैकरा सोमवार को अपने अन्य साथियों के साथ गेउर नदी पार कर मछली पकड़ने के लिए गया था. दोपहर करीब तीन बजे सभी लोग वापस गांव आने के लिए निकले, तब तक नदी में बाढ़ आ चुकी थी. फिर भी ग्रामीण उफनती नदी को पार करने उतर गए.


इस दौरान मणिशंकर पैकरा तेज बहाव में बह गया. शाम को उसकी लाश नदी किनारे मिली.


इसी तरह गागर नदी का जल स्तर भी काफी बढ़ गया है. यहां राजपुर क्षेत्र के उधेनुपुरा के तीन पहाड़ी कोरवा बच्चे मछली पकड़ने गए थे.


अचानक नदी में पानी बढ़ जाने से तीनों बच्चे बीच में ही फंस गए. करीब तीन घंटे बाद नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ तो बच्चों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया.


एक अन्य घटना में बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में उफनते नाले को पार कर रहे मां-बेटे बह गए.दोनों का शव बरामद कर लिया गया है.


आमगांव निवासी रजनी पहाड़ी कोरवा अपने 2 वर्षीय बेटे आनंद के साथ मायके रकैया गांव गई थी.


सोमवार शाम को वह बेटे को लेकर पैदल ही लौट रही थी. बेटे को गोद में लेकर रजनी कोरवा गांव के बीच स्थित बढ़नी झरिया नाले को पार कर रहीं थी. तभी दोनों नाले के तेज बहाव में बह गए. मंगलवार सुबह मां-बेटे का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिला है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP