छत्तीसगढ़ में मौसम ने दिखाए तेवर, पारा 44 पर
छत्तीसगढ़ में गर्मी से बेहाल होता जनजीवन, तापमान ज्यादा बढ़ने की संभावना
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते तापमान ने अभी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. कई इलाकों में मौसम का पारा 44 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है.
आने वाले समय में और ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने के आसार हैं.
पिछले कुछ दिनो से लगातार दोपहर बाद आंधी और बारिश से गर्मी में निजात मिलती रही है, लेकिन तापमान में कमी देखने को नहीं मिल रही.
रविवार को प्रदेश में सबसे गर्म राजनांदगांव रहा, जहां पारा 44 डिग्री रिकार्ड किया गया. इसी तरह बिलासपुर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, तेज हवा और वज्रपात होने की संभावना है.
पश्चिमी गर्म हवाओं के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में भी अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. रविवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर चला गया.
सरगुजा में इस सीजन का यह अधिकतम तापमान है. अंबिकापुर समेत पूरे संभाग में तेजी से तापमान बढ़ने से लोग गर्मी से बेहाल रहे.लगातार बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी होगी. न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है.
अप्रैल माह के पहले पखवाड़े में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात परिसंचरण के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा.
इस दौरान तेज हवाओं और बारिश के कारण अधिकतम तापमान 38 डिग्री से अधिक नहीं पहुंचा.
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल माह के पहले पखवाड़े में ही सरगुजा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच जाता है. इस वर्ष गर्मी का असर कुछ देर से दिखा है.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह से समाप्त होने के बाद पश्चिमी गर्म हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं. इसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी संभावित है.
दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती हैजन-जीवन पर पड़ने लगा असरगर्मी का प्रभाव सामान्य जन-जीवन पर दिखने लगा है. दोपहर होने के बाद लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं. दोपहर में सड़कों पर भीड़ कम हो रही है.
एक ही दिन में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी से लोग गर्मी से बेहाल रहे.