भाजपा संगठन में फेरबदल: स्मृति ईरानी को मिली छत्तीसगढ़ और हरियाणा की कमान
रायपुर । संवाददाता: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी संगठनात्मक प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए देश भर में व्यापक बदलाव किए हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देशों के बाद कुल 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा की गई है. राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग द्वारा आधिकारिक रूप से जारी किए गए ये आदेश तत्काल प्रभाव से अमल में आ चुके हैं.
इस नए संगठनात्मक ढांचे में पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को दो प्रमुख राज्यों-छत्तीसगढ़ और हरियाणा-का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है. वहीं, बिहार बीजेपी के पूर्व उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ में सह-प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है.
नई नियुक्तियों पर छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने खुशी जताते हुए स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू को शुभकामनाएं दी हैं.
अपने तीखे बयानों और आक्रामक कार्यशैली के लिए जानी जाने वाली स्मृति ईरानी साल 2003 में भाजपा में शामिल हुई थीं. इसके बाद वे महाराष्ट्र युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष और गुजरात से राज्यसभा सांसद रहीं.
2014 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री बनने के बाद, 2019 में उत्तर प्रदेश की हाई-प्रोफाइल अमेठी सीट पर राहुल गांधी को हराकर वे राष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त सुर्खियों में आई थीं. 2024 के चुनाव में परिस्थितियां बदलने के बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा कायम रखते हुए पहले संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री और अब दो राज्यों के प्रभारी की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.