रामानुजगंज में हाथियों का तांडव: तीन एकड़ की गेहूं फसल रौंदी
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में जंगली हाथियों की मौजूदगी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. बुधवार की तड़के वार्ड क्रमांक 1 स्थित एक निजी फार्म हाउस में तीन हाथियों के दल ने धावा बोल दिया.
बताया जा रहा है कि हाथियों ने फेंसिंग फांदकर खेत में प्रवेश किया और वहां लगभग तीन एकड़ में तैयार गेहूं की फसल को तहस-नहस कर दिया. हाथियों के इस उत्पात से तैयार अनाज को भारी क्षति पहुंची है.
यह घटना जनपद पंचायत कार्यालय के समीप स्थित फार्म हाउस में सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई. हाथियों ने न केवल खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया, बल्कि कटाई के बाद थ्रेसिंग के लिए रखे गए गेहूं के ढेरों को भी खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया.
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस हमले में तकरीबन 25 से 30 क्विंटल गेहूं नष्ट हो गया है. सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया.
विभाग ने प्रभावित किसान का पंचनामा तैयार कर लिया है और नियमानुसार मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद से ही हाथियों की आमद को लेकर भय का माहौल बना हुआ है.