सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर: आवेदन पत्रों की माला पहनकर नगर निगम दफ्तर पहुंचे प्रदर्शनकारी

C

CG Khabar

06 अक्टू. 2026, 04:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 8

Protest
Protest

रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर में नागरिक समस्याओं को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर सोमवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला. क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से परेशान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों की ओर प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए आवेदन पत्रों की माला पहनकर और अर्ध-नग्न होकर नगर निगम कार्यालय के समक्ष विरोध जताया.


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से नगर निगम अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से बार-बार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक नगर निगम आयुक्त उनसे मुलाकात कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन नहीं देते, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे.

विज्ञापन


प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में वृंदावन नगर-कुशलपुर मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर का पुननिर्माण तथा वामनराव लाखे वार्ड 66 (विशेषकर कुशलपुर क्षेत्र) की खस्ताहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत शामिल है. 


उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद गड्ढों की सुध नहीं ली गई है. इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने निगम कर्मचारी महेश वाघ को निलंबित करने और उनका संरक्षण करने का आरोप लगाते हुए संबंधित जोन कमिश्नर पर भी कार्रवाई की मांग की है.


साथ ही, प्रदर्शनकारियों ने पंकज गार्डन के सौंदर्यीकरण कार्य में हुई कथित अनियमिताओं की निष्पक्ष जांच कराने, ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई है.


गौरतलब है कि इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने 25 अगस्त तक मांगें पूरी न होने पर जोन 5 कार्यालय के सामने भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी. हालांकि, सोमवार को उन्होंने सीधे नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया ताकि लगातार हो रही प्रशासनिक अनदेखी की ओर ध्यान आकर्षित किया जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP