रायपुर: ऑटो चालक ने युवती को अगवा कर किया बलात्कार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में पुलिस ने एक ऑटो-रिक्शा चालक को युवती के साथ अपहरण और बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, युवती 23 अप्रैल को लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने कबीर नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस जांच के दौरान युवती को 25 अप्रैल को बरामद कर लिया गया.
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह रास्ता भटक गई थी. यदुवंशी चौक पर उसने घर जाने के लिए एक ऑटो-रिक्शा लिया.
चालक ने उसे घर छोड़ने का वादा किया, लेकिन वह उसे धोखे से एक सुनसान मकान में ले गया, जहाँ उसने युवती के साथ जबरन बलात्कार किया.
कबीर नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.