रायपुर: 8 साल की मासूम से दुष्कर्म, पिता का दोस्त सुलेमान कुरैशी गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: राजधानी के संतोषी नगर इलाके में आठ साल की मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपी सुलेमान कुरैशी (30) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी बच्ची के पिता का परिचित और उसी इलाके का निवासी है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है. पीड़िता अपने माता-पिता के अलग रहने के कारण अपनी दादी के पास रहती है. आरोपी सुलेमान घर में दाखिल हुआ और बच्ची को चिप्स देकर उसके साथ गलत हरकत करने लगा.
मासूम बच्ची किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर भागने में सफल रही और पूरी बात अपने परिजनों को बताई. इसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं. घटना के वक्त वह शराब के नशे में धुत था.
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे हिरासत में ले लिया है. मामले में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ ही आरोपी की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है.