रायगढ़: ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, उग्र ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ के लाखा रोड पर बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया, जिससे काफी देर तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लाखा निवासी सुनीता यादव अपने पति रामेश्वर उर्फ रवि यादव के साथ स्कूटी पर सवार होकर रायगढ़ से अपने घर लौट रही थी. जैसे ही वे लाखा डेम के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आने के कारण सुनीता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रामेश्वर को मामूली चोटें आई हैं.
घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर आसपास के लोगों और परिजनों का भारी जमावड़ा लग गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया.
स्थिति तनावपूर्ण होती देख कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात पुनः बहाल हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.