सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: निर्माणाधीन कांग्रेस भवन में नाबालिग से दरिंदगी

C

CG Khabar

13 जुल. 2026, 11:16 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

विजय सारथी
विजय सारथी

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में दरोगापारा क्षेत्र में स्थित कांग्रेस कमेटी के एक लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माणाधीन कार्यालय परिसर में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया. पीड़िता अपनी मां के साथ मांगकर और कचरा बीनकर गुजारा करती है और इसी परिसर में आश्रय लिए हुए थी. 


घटना की भनक लगते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने आरोपी को मौके पर ही दबोचकर उसकी जमकर धुनाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी मां के साथ इसी परिसर में रहती थी. तीन दिन पहले दरोगापारा निवासी 38 वर्षीय आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी उसे जबरन अपने साथ ले गया और उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. 


आरोपी ने बच्ची को जुबान खोलने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी. हालांकि, जब दो दिन पहले आरोपी ने फिर से उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, तो पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया. 


इस पर आरोपी ने मासूम की पिटाई कर दी, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हो गया. पीड़िता ने इशारों में बताया कि आरोपी इससे पहले भी दो बार उसके साथ गलत काम कर चुका था.


महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय सारथी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस प्रशासन इस बेहद संवेदनशील मामले के हर पहलू की गहराई से तफ्तीश कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP