सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: अंतर्राज्यीय बाइक चोर सिंडिकेट का भंडाफोड़, 21 बाइकें बरामद

C

CG Khabar

05 अप्रै. 2026, 02:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

बाइक चोर गिरफ्तार
बाइक चोर गिरफ्तार

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह को बेनकाब किया है. साइबर सेल और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त घेराबंदी में पुलिस ने चोरी की कुल 21 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है. 


इस मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना सुखदेव चौहान समेत चोरी का माल खरीदने वाले 9 अन्य खरीदारों को भी दबोचा है, हालांकि एक आरोपी शिव नागवंशी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है.

विज्ञापन


जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और तकनीकी रूप से इतने दक्ष हैं कि महज एक पेचकस की मदद से चंद सेकंडों में किसी भी बाइक का लॉक तोड़ देते थे. 


इनका जाल रायगढ़ और धरमजयगढ़ से लेकर पड़ोसी राज्य ओडिशा तक फैला हुआ था. ये शातिर भीड़भाड़ वाले इलाकों से वाहन पार करते और फिर उन्हें सुनसान ठिकानों पर छिपाकर सस्ते दामों में बेच दिया करते थे. 


बरामद वाहनों में से 14 बाइक खरीदारों के पास से मिली हैं, जबकि 7 गाड़ियां मुख्य आरोपी ने अपने घर में छिपा रखी थीं.


एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने पूंजीपथरा और धरमजयगढ़ के पुराने मामलों के साथ-साथ ओडिशा के सरगीपाली, उज्जलपुर और लेफरीपारा जैसे इलाकों में हुई चोरी की कड़ियों को भी जोड़ दिया है. 


पुलिस कप्तान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध के इस नेटवर्क में न केवल चोरी करने वाले, बल्कि चोरी का सामान खरीदने वाले भी समान रूप से दोषी हैं और उन पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP