रायगढ़: इंडेन ने लॉन्च किया 10 किलो का सिलेंडर, 3 घंटे में होम डिलीवरी, दाम 1701 रुपये
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ के उपभोक्ताओं के लिए अब घर में अचानक रसोई गैस खत्म होने पर लंबा इंतजार करने की मजबूरी समाप्त हो गई है. इंडेन गैस वितरकों ने एक नई पहल करते हुए 10 किलोग्राम वाला 'मुक्त व्यापार एलपीजी सिलेंडर' बाजार में उतार दिया है.
मंगलवार से शहर के सभी इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास इसकी बुकिंग प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है. इस नई सेवा की सबसे खास बात यह है कि ऑर्डर दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर सिलेंडर सीधे ग्राहक के घर पहुंचा दिया जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थिति में तत्काल गैस की जरूरत वाले परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी.
सुविधाजनक बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को कई विकल्प दिए गए हैं. ग्राहक अपने नजदीकी इंडेन वितरक के अलावा ऑनलाइन क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म 'ब्लिंकिट', इंडियन ऑयल के आधिकारिक मोबाइल ऐप तथा वेबसाइट के जरिए भी आसानी से आर्डर प्लेस कर सकते हैं.
तकनीकी और बनावट के लिहाज से यह नया सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों से काफी अलग और आधुनिक है. इसे विशेष मिश्रित पदार्थ (कंपोजिट मैटेरियल) से तैयार किया गया है, जिसके कारण इसमें न तो जंग लगने का खतरा रहता है और न ही रखरखाव की झंझट. वजन में हल्का होने की वजह से इसे घर के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान पर उठाकर ले जाना बेहद आसान और सुरक्षित है.
मूल्य और नियमों की बात करें तो इस नए कनेक्शन को प्राप्त करने के लिए ग्राहकों को निर्धारित पहचान संबंधी आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. 10 किलो के इस नए कंपोजिट सिलेंडर के लिए उपभोक्ता को 3,186 रुपये की सुरक्षा जमा राशि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) देनी होगी, जबकि गैस रीफिलिंग के लिए 1,701 रुपये का भुगतान करना तय किया गया है.