सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: घर के भीतर खून से लथपथ मिला 23 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका

C

CG Khabar

14 जुल. 2026, 03:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

हत्या
हत्या

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक 23 साल के युवक की उसके ही घर में निर्मम हत्या कर दी गई. हमलावर ने युवक के सिर पर सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई. वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. 


घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू कर दी है. यह पूरी घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भकुर्रा गांव की है.

विज्ञापन


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान भकुर्रा निवासी सोनू चौहान (23 वर्ष) के रूप में हुई है. सोनू अपने घर में बिल्कुल अकेला रहता था, क्योंकि उसकी बहनों का विवाह हो चुका है और उसकी मां उससे अलग रहती हैं. रविवार को पूरे दिन सोनू के घर का दरवाजा अंदर से बंद रहा और कोई हलचल नहीं हुई. 


इसके बाद शाम के वक्त पुलिस को सूचना मिली कि घर के भीतर सोनू का शव पड़ा हुआ है. जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था. चारों तरफ खून बिखरा हुआ था और सोनू का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था.


घटनास्थल के हालातों को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि यह वारदात शनिवार की रात को अंजाम दी गई होगी. अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है. 


पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. वारदात की वजहों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP