सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

जनता को भगवान के भरोसे छोड़ दिया है- दीपक बैज

C

CG Khabar

29 मई 2026, 03:04 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

दीपक बैज
दीपक बैज

पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में कोटमी साप्ताहिक बाजार बंद करते समय सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और करीब 60 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट ने राज्य की सियासत में उबाल ला दिया है. इस वारदात के बाद पूरे इलाके के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के जिलों की पुलिस टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है. 


शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात में कट्टे का इस्तेमाल हुआ है और पुलिस जल्द ही लुटेरों को दबोचने का दावा कर रही है.

विज्ञापन


इस बीच, विपक्षी दल कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सूबे की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज सीधे पेंड्रा पहुंचे, जहां उन्होंने मुक्तिधाम जाकर दिवंगत व्यवसायी प्रदीप सोनी को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. 


व्यापारी की बहादुरी को नमन करते हुए बैज ने कहा कि प्रदीप लुटेरों के सामने झुके नहीं और डटकर मुकाबला किया, जिसके चलते बदमाशों ने उनके सीने में गोली दाग दी.


सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार 'सुशासन त्योहार' मनाने में मसरूफ है, जबकि राज्य की जनता को भगवान के भरोसे छोड़ दिया गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जो पेंड्रा हमेशा से बेहद शांत इलाका माना जाता था, वहां अब सरेआम गोलियां चल रही हैं, ऐसे में बस्तर और इस क्षेत्र में क्या फर्क रह गया है?


दीपक बैज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रुख का समर्थन करते हुए पुलिस महकमे के अफसरों को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारियों को जनता ने वर्दी दी है, इसलिए वे किसी की गुलामी करना छोड़कर अपनी असली जिम्मेदारी निभाएं और नागरिकों को सुरक्षा दें.


इसके साथ ही, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई. बैज ने कहा कि विपक्ष को भी कानून और न्याय का उतना ही अधिकार है. अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दुर्भावनापूर्ण तरीके से आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं लगाई गईं, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दोतरफा कानून चलाया जा रहा है, लेकिन इस 'जंगलराज' को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP