सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

पंजाब में बघेल की जगह पायलट, सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी

C

CG Khabar

06 सित. 2026, 03:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सुखदेव भगत
सुखदेव भगत

रायपुर । संवाददाता: कांग्रेस आलाकमान ने अपने संगठनात्मक ढांचे में एक बड़ा फेरबदल करते हुए पार्टी के प्रमुख पदों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है. पंजाब कांग्रेस में जारी आतंरिक खींचतान और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुट की लगातार नाराजगी के बाद भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटा दिया गया है. 


भूपेश बघेल को अब असम का नया महासचिव प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि उनकी जगह छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे सचिन पायलट को पंजाब की कमान सौंप दी गई है. वहीं दूसरी ओर, लोहरदगा से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है.

विज्ञापन


पंजाब में लंबे समय से चन्नी खेमे और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के बीच मतभेद चल रहे थे. चन्नी गुट का आरोप था कि भूपेश बघेल प्रभारी रहने के बावजूद आलाकमान तक जमीनी सच्चाई नहीं पहुंचा रहे थे. पार्टी के 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' अभियान के दौरान भी बघेल और वड़िंग का जोरदार विरोध हुआ था, यहाँ तक कि कई मौकों पर भूपेश बघेल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी. 

इसके बाद सितंबर की शुरुआत में दिल्ली में राहुल गांधी की टीम और केसी वेणुगोपाल के साथ हुई मैराथन बैठकों के बाद हाईकमान ने पंजाब की गुटबाजी को खत्म करने के लिए यह कड़ा फैसला लिया.


छत्तीसगढ़ की कमान संभालने वाले नए प्रभारी सुखदेव भगत एक अनुभवी राजनेता हैं. राजनीति में आने से पहले राज्य प्रशासनिक सेवा में रहे सुखदेव भगत 2005 में पहली बार लोहरदगा से विधायक बने थे. वे 2013 में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर पहली बार संसद पहुंचे हैं. वे पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं.


सुखदेव भगत के सामने छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर दोबारा सक्रिय करने और गुटबाजी से दूर रखकर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बिठाने की बड़ी चुनौती होगी. आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए माना जा रहा है कि नया प्रभारी नियुक्त होने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में आने वाले दिनों में कुछ और सांगठनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP