पाक सेना ने मार गिराए 67 अफगान तालिबान लड़ाके
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर है. मंगलवार, 3 मार्च 2026 को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रात भर चले सैन्य अभियान में 67 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया.
सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बताया कि 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक' के तहत खैबर पख्तूनख्वा और उत्तरी बलूचिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में तालिबान के हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया. खैबर पख्तूनख्वा में करीब 40 लड़ाके मारे गए, जबकि बलूचिस्तान के किला सैफुल्लाह, नोशकी और चमन जिलों में हुई झड़पों में 27 तालिबान लड़ाके ढेर हुए.
मंत्री तरार के अनुसार, अफगान तालिबान ने सीमा पर 16 स्थानों पर शारीरिक हमले और कई जगहों पर भारी गोलीबारी की थी. इस जवाबी कार्रवाई में फ्रंटियर कोर (FC) का एक जवान शहीद हुआ है और पांच अन्य घायल हुए हैं.
सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 26 फरवरी से जारी इस सैन्य कार्रवाई में अब तक 435 अफगान तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं.
पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में 'खोगानी बेस' को भी तबाह कर दिया है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक पाकिस्तान अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त नहीं कर लेता.