सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

ओडिशा: सट्टेबाजी ऐप गिरोह का पर्दाफाश, छत्तीसगढ़ से 2 गिरफ्तार

C

CG Khabar

22 सित. 2026, 01:53 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

गिरफ्तार
गिरफ्तार

गंजम (ओडिशा) । डेस्क: ओडिशा की गंजम जिला पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी धर्मदास मानिकपुरी (30) व जगदीश सेठी उर्फ सूरज (30) और झारखंड के रामगढ़ निवासी शत्रुघ्न कुमार पांडे (26) शामिल हैं. 


यह पूरा नेटवर्क गंजम जिले में एक किराए के मकान से संचालित किया जा रहा था.

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, यह गिरोह फर्जी ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स का प्रचार-प्रसार कर लोगों को कम समय में मोटा मुनाफा देने का लालच देकर पैसे जमा करवाता था.


छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की है, जिसमें 3 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 86 सिम कार्ड, 78 एटीएम/डेबिट कार्ड, 16 बैंक पासबुक, एक मोटरसाइकिल और कई अन्य दस्तावेज शामिल हैं. 


जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की प्राथमिक जांच से लोगों के पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के लॉगिन क्रेडेंशियल और जमा-निकासी (डिपॉजिट व विड्रॉल) के रिकॉर्ड बरामद हुए हैं.


मामले में गंजम के सीसी एंड ईओ (साइबर अपराध एवं आर्थिक अपराध) पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 66(C) व 66(D) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान करने, फरार संदिग्धों की तलाश करने और इस वित्तीय धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP