शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

विवादों में नोरा फतेही और संजय दत्त का नया गाना: यूट्यूब से हटा वीडियो

C

CG Khabar

07 अप्रै. 2026, 08:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

संजय दत्त- नोरा फतेही
संजय दत्त- नोरा फतेही

मुंबई । डेस्क: कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर उपजा विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है. अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त के अभिनय से सजे इस गाने पर अश्लील शब्दों और कुरुचिपूर्ण दृश्यांकन के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया है. 


सोमवार को हुई एक महत्वपूर्ण सुनवाई के दौरान आयोग ने स्पष्ट किया कि रचनात्मकता की आड़ में महिलाओं की गरिमा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.


भारी विरोध और कानूनी दबाव के चलते गाने के हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया गया है. 


आयोग ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए फिल्म के निर्देशक प्रेम, गीतकार रकीब आलम और निर्माताओं को तलब किया था. 


सुनवाई के दौरान निर्माताओं ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफी मांगी और माना कि गाने के बोल समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं. 


प्रायश्चित के तौर पर निर्माताओं ने अगले तीन महीनों तक महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने और उसकी रिपोर्ट आयोग को सौंपने का वादा किया है.


इस मामले में नोरा फतेही की अनुपस्थिति पर आयोग ने नाराजगी जाहिर की है. उनके वकील की दलीलों को खारिज करते हुए आयोग ने नोरा को 27 अप्रैल तक व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अंतिम अल्टीमेटम दिया है. 


वहीं, अभिनेता संजय दत्त को भी 8 अप्रैल को आयोग के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. 


गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर इस गाने की तीखी आलोचना के बाद दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तक शिकायत पहुंची थी, जिसके बाद अब फिल्म के प्रचार और भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP