12 साल की बच्ची से काम करवाते थे एनएमडीसी के अधिकारी
दंतेवाड़ा | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बचेली में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची ने अपने साथ कथित रूप से श्रम शोषण और मारपीट किए जाने का आरोप एनएमडीसी बचेली प्रोजेक्ट के माइनिंग एजीएम राजेन्द्र भारती और उनकी पत्नी खुशबू पर लगाया है. एजीएम की पत्नी सेन्ट्रल बैंक दंतेवाड़ा में पदस्थ हैं.
नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती है. पति-पत्नी दोनों मारपीट करते हैं. नाबालिग ने किसी तरह घर से भाग कर पड़ोसी के घर में शरण ली. इसके बाद यह मामला लोगो के संज्ञान में आया. मोहल्ले के लोगो ने इस प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी. बचेली थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध पंजीबद्ध किया है.
बताया जा रहा है कि यह बच्ची बिहार से लाई गई थी, जिससे घरेलू कामकाज कराया जा रहा था. बच्ची का आरोप है कि उसे कई महीनों से जबरन काम कराया जा रहा था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. बच्ची के शरीर पर चोट के निशान भी हैं.
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम द्वारा जांच की जा रही है और बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है.
फिलहाल इस मामले में जांच चल रही है और बच्ची को बाल संरक्षण गृह में भेज दिया गया है.