नव्या ड्रग केस: गृहमंत्री का बघेल पर पलटवार, सात विदेश यात्राओं पर घेरा
रायपुर । संवाददाता: रायपुर के चर्चित नव्या मलिक ड्रग्स मामले को लेकर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने सीधे तौर पर बघेल सरकार की कार्यशैली को कठघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि आखिर किस आधार पर एक ड्रग सप्लायर आरोपी कांग्रेस के शासनकाल में सात बार विदेश यात्राएं करने में सफल रही?
गृहमंत्री ने उन विदेश दौरों के पीछे के असली मकसद की जांच करने की बात कहते हुए चीन, थाईलैंड और तुर्की जैसे देशों के कनेक्शन पर संदेह जताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब जांच एजेंसियों को मुस्तैद रहना था, तब आरोपी को खुली छूट मिली हुई थी.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि विष्णुदेव साय सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत ही छत्तीसगढ़ पुलिस ने साहस दिखाते हुए आरोपी नव्या मलिक को ३० अगस्त २०२५ को मुंबई से गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा है.
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है.
विजय शर्मा ने जोर देकर कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों विश्नोई, दीप धनेरिया और अयाज परवेज पर की गई कार्रवाई यह साबित करती है कि वर्तमान सरकार नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है.
पुलिस रिकॉर्ड का हवाला देते हुए गृहमंत्री ने दोहराया कि भले ही कांग्रेस नाम छिपाने की राजनीति करे, लेकिन ड्रग्स के खिलाफ उनकी सरकार का अभियान हर उस नेटवर्क को ध्वस्त कर देगा जिसने प्रदेश की युवा पीढ़ी को नुकसान पहुँचाया है.
गौरतलब है कि नव्या मलिक ड्रग केस छत्तीसगढ़ का एक चर्चित मामला है, जिसमें रायपुर पुलिस ने 'ड्रग्स क्वीन' के नाम से मशहूर इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक को अगस्त 2025 में मुंबई से गिरफ्तार किया था.
नव्या पर आरोप है कि वह दिल्ली, पंजाब और मुंबई से सिंथेटिक ड्रग्स (जैसे MDMA और हेरोइन) मंगवाकर रायपुर के हाई-प्रोफाइल क्लबों, पबों और निजी फार्महाउस पार्टियों में सप्लाई करती थी.
जांच में उसके मोबाइल और बैंक ट्रांजैक्शन से 600 से अधिक रईसजादों और प्रभावशाली लोगों के संपर्क में होने की बात सामने आई है, जिनमें बड़े व्यापारियों और अधिकारियों के बच्चों के नाम भी शामिल हैं.
पुलिस जांच में नव्या के अंतरराष्ट्रीय तार जुड़ने के भी संकेत मिले हैं, जिसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान से ड्रग्स नेटवर्क के संबंध होने का दावा किया गया है.
वर्तमान में यह मामला राजनीतिक तूल पकड़ चुका है क्योंकि गृहमंत्री विजय शर्मा ने आरोप लगाया है कि नव्या ने पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान कई बार संदिग्ध विदेश यात्राएं की थीं, जिनकी गहन जांच जारी है.