नागपुर ब्लास्ट: 18 मौतों के बाद SBL एनर्जी के 9 डायरेक्टर गिरफ्तार
नागपुर । डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को एक विस्फोटक निर्माण कंपनी में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 'SBL एनर्जी लिमिटेड' के 9 निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया है.
इस दर्दनाक हादसे में 18 श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि 24 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) और डिफेंस इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर सिक्योरिटी (DISS) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें कंपनी में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी और खामियां पाई गई थीं.
नागपुर की कलमेश्वर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत कंपनी के कुल 21 निदेशकों और शेयरधारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
हादसा रविवार सुबह काटोल तहसील के राउलगांव स्थित डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ था.
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मृतकों के शव पहचान में नहीं आ रहे हैं, जिसकी शिनाख्त के लिए पुलिस अब परिजनों के डीएनए नमूने ले रही है.
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक डॉ. हर्ष पोद्दार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं.