रायगढ़ में कबाड़ गोदाम में भीषण आग
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. नेशनल हाईवे पर छातामुड़ा बाईपास के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भयानक आग लग गई. इस गोदाम के ठीक बगल में हीरो मोटरसाइकिल का एक बड़ा शोरूम था. जैसे ही आग की लपटें बढ़ीं, शोरूम के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वहां खड़ी दर्जनों नई बाइकों को धक्का देकर बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इस सूझबूझ की वजह से एक बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बच गया.
घटना के बाद पूरे छातामुड़ा इलाके में हड़कंप मच गया और आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर से दिखाई देने लगा. सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने नेशनल हाईवे के एक हिस्से पर वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोक दिया, जिसके कारण सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला.
इस घटना को लेकर कबाड़ गोदाम के संचालक मोहम्मद आरिफ ने एक बड़ा अंदेशा जताया है. उनका आरोप है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया है. संचालक के मुताबिक, गोदाम में भारी मात्रा में प्लास्टिक और कागज जमा था, जिसने तुरंत आग पकड़ ली.
उन्होंने यह भी कहा कि यदि शुरुआती वक्त में ही दमकल की 7 से 8 गाड़ियां एक साथ आ जातीं, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था.
बचाव कार्य की जानकारी देते हुए जिला कमांडेंट ब्लासियूज कुजूर ने बताया कि कबाड़ और प्लास्टिक की मौजूदगी के कारण लपटों को शांत करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. राहत कार्य में नगर सेना के अलावा स्थानीय उद्योगों, कोरबा और सारंगढ़ जिले से बुलाई गई टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला.
दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
फिलहाल हादसे की असली वजह का पता नहीं चल सका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है. मौके पर पहुंचे तहसीलदार शिव डनसेना ने कहा कि पहली प्राथमिकता आग पर नियंत्रण पाने की थी, जिसे पूरा कर लिया गया है.
इस अग्निकांड में कुल कितने का माल जलकर खाक हुआ है, इसका सही अनुमान विस्तृत जांच और मूल्यांकन के बाद ही सामने आ पाएगा.