सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

मरवाही: जहरीले करैत ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत

C

CG Khabar

09 जुल. 2026, 02:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

लाश
लाश

मरवाही । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मरवाही इलाके में मानसून की दस्तक के साथ ही विषैले रेंगने वाले जीवों का खौफ बढ़ने लगा है. इसी बीच ग्राम पंचायत सेमरदरी (बगैहा) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रात में सोते समय एक युवक को बेहद जहरीले करैत सांप ने अपना शिकार बना लिया. 


इस हादसे में विशेष पिछड़ी जनजाति से ताल्लुक रखने वाले 30 वर्षीय युवक बुद्धू सिंह पण्डो (पिता भारत सिंह) की असमय मौत हो गई.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात का है. बुद्धू सिंह अपने घर में गहरी नींद में सो रहे थे, तभी करीब रात 3 बजे एक करैत सांप ने उन्हें डस लिया. 


सांप के काटते ही युवक की हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिससे घर में हड़कंप मच गया. परिजनों ने बिना वक्त गंवाए आपातकालीन सेवा डायल-112 को सूचना दी और उसकी मदद से पीड़ित को तुरंत मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने बारीकी से जांच करने के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया.


इस दुखद घटना के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने स्थानीय लोगों के लिए चेतावनी जारी की है. जानकारों का कहना है कि करैत भारत के सबसे खतरनाक और साइलेंट किलर सांपों में गिना जाता है, जिसका जहर शरीर में बहुत तेजी से फैलता है. 


स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि बरसात के दिनों में लोग अपने घरों के आसपास विशेष तौर पर साफ-सफाई रखें, रात को सोते समय पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी अप्रिय स्थिति में सीधे नजदीकी अस्पताल का रुख करें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP